फतेहपुर में ट्रैक्टर चोर गिरोह का भंडाफोड़, पांच शातिर गिरफ्तार, दो फरार
पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी करने वाले गिरोह के पांच सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —
फतेहपुर/जनमत न्यूज। जनपद फतेहपुर में पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी की दो बड़ी घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर गिरोह पर शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी करने वाले गिरोह के पांच सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह खागा और थरियांव थाना क्षेत्रों में ट्रैक्टर चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुका था। आरोपी बिना नंबर प्लेट की कार से गांव-गांव घूमकर पहले रेकी करते थे और फिर मौका मिलते ही ट्रैक्टर चोरी कर फरार हो जाते थे। चोरी के बाद ट्रैक्टरों को ठिकाने लगाने की भी पूरी योजना पहले से तय रहती थी।
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा के पास से इन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए दो ट्रैक्टर, एक ट्रॉली और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और पूरे गिरोह से जुड़े अन्य आपराधिक मामलों की भी गहन जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को फतेहपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे ट्रैक्टर चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

Janmat News 
