बरेली: चोर समझ कर पकड़ने गए युवक के सीने में बदमाशों ने मारी गोली, मौत
उप्र के बरेली जनपद के तहसील व थाना आंवला क्षेत्र के तिगरा खानपुर निवासी जोगेंद्र (40) रेलवे लाइन के पास अपना नया मकान बनवा रहे थे।
बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट
बरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के बरेली जनपद के तहसील व थाना आंवला क्षेत्र के तिगरा खानपुर निवासी जोगेंद्र (40) रेलवे लाइन के पास अपना नया मकान बनवा रहे थे। उनके साथ ही उनके साले धर्मेंद्र (जो यूपी पुलिस में सिपाही हैं) का भी मकान बन रहा था। जोगेंद्र की पत्नी अनीता ने बताया कि रात में आहट पाकर वे दोनों छत पर गए।
जोगेंद्र ने जैसे ही चोर पर डंडे से प्रहार किया। बदमाश ने सीधे उनके सीने में गोली उतार दी। गोली लगते ही जोगेंद्र लहूलुहान होकर सीढ़ियों से नीचे जा गिरे। उनके पीछे आ रही पत्नी भी हड़बड़ाहट में सीढ़ियों से लुढ़क गईं। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश घर में रखा एक बैग लेकर मौके से फरार हो गए।
फोर्स के साथ पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही देर रात एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ सिटी सेकेंड अंजनी कुमार और सुभाषनगर इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बदमाशों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया सुभाषनगर के करगैना क्षेत्र में एक व्यक्ति को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चोरी के विरोध के दौरान बदमाशों ने युवक पर फायर किया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

Janmat News 
