फुलवरी गांव में रास्ते के विवाद पर खूनी संघर्ष, 16 घायल, पांच गिरफ्तार
रास्ते के उपयोग को लेकर दोनों पक्षों में पहले से तनाव चला आ रहा था। इसी विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला किया गया।
बुलन्दशहर से सत्यवीर सिंह की रिपोर्ट —
बुलंदशहर/जनमत न्यूज। जनपद बुलंदशहर के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलवरी गांव में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। देखते ही देखते मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। घटना में करीब 16 लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रास्ते के उपयोग को लेकर दोनों पक्षों में पहले से तनाव चला आ रहा था। इसी विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला किया गया। संघर्ष के दौरान अफरा-तफरी मच गई और गांव में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही अहमदगढ़ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार, कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। हालत गंभीर होने पर करीब पांच घायलों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से आपसी विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

Janmat News 
