औरैया में अज्ञात युवक ने भेड़ों के झुंड पर धारदार हथियार से किया हमला, तीन दर्जन की मौत

मृत भेड़ों की संख्या अधिक होने से पशुपालक परिवारों में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ितों को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।

औरैया में अज्ञात युवक ने भेड़ों के झुंड पर धारदार हथियार से किया हमला, तीन दर्जन की मौत
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —

औरैया/जनमत न्यूज। जनपद औरैया के सहायल थाना क्षेत्र अंतर्गत नवी मोहन सुख गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात युवक ने भेड़ों के एक बड़े झुंड पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में करीब तीन दर्जन भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग दो दर्जन भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। पशुपालकों ने तत्काल पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं पशु चिकित्सकों की टीम ने घायल भेड़ों का उपचार शुरू कर दिया है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार हमला देर रात किया गया, जिससे पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। मृत भेड़ों की संख्या अधिक होने से पशुपालक परिवारों में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ितों को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया गया है।

इस घटना के बाद गांव में भय और असुरक्षा का माहौल है। ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।