भारत से नक्सलवाद को पूरी तरह कर दिया जाएगा समाप्त

भारत से नक्सलवाद को  पूरी तरह  कर दिया जाएगा समाप्त
Published By - ANKUSH PAL

देश (जनमत) :- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को गुवाहाटी में आयोजित 87वें सीआरपीएफ दिवस परेड के दौरान बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि भारत से नक्सलवाद को 31 मार्च 2026 तक पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा। उन्होंने जोर दिया कि अगर भारत नक्सलियों से मुक्त हो सकता है, तो वह घुसपैठियों से भी मुक्त हो सकता है। अगले 5 वर्षों में अवैध प्रवासियों को न केवल मतदाता सूची से बल्कि देश से भी निकाल दिया जाएगा। शाह ने कहा कि सरकार की ओर से तय की गई इस समय सीमा के भीतर नक्सल समस्या को जड़ से खत्म करने का लक्ष्य प्राप्त हो रहा है।

CRPF और कोबरा बल के जवानों की सराहना करते हुए शाह ने बताया, 'इन बलों ने जम्मू-कश्मीर में पत्थरबाजी की घटनाओं को शून्य करने, मणिपुर में जातीय हिंसा को नियंत्रित करने और मात्र तीन वर्षों में माओवादियों की कमर तोड़ने में निर्णायक भूमिका निभाई है। नक्सलवाद पहले 12 राज्यों में फैला हुआ था, लेकिन केंद्र सरकार के दृढ़ संकल्प और सुरक्षाबलों के प्रयासों से अब यह अंतिम चरण में पहुंच चुका है।'

अमित शाह ने ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट की प्रशंसा की, जो छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर कर्रेगुट्टा पहाड़ियों में अप्रैल-मई 2025 में चलाया गया था। इस 21 दिनों के ऑपरेशन में अत्यंत कठिन परिस्थितियों में 45 डिग्री सेल्सियस की तपती गर्मी में चट्टानी पहाड़ियों पर कार्य करते हुए सीआरपीएफ जवानों ने 31 नक्सलियों को मार गिराया और उनके मजबूत ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि जवानों ने एक इंच भी पीछे नहीं हटे और इस बहादुरी से नक्सलियों का रणनीतिक आधार ढह गया। सीआरपीएफ महानिदेशक जीपी सिंह ने भी इस ऑपरेशन को नक्सलवाद की कमर तोड़ने वाला बताया और 31 मार्च की समय सीमा को पूरा करने का विश्वास जताया।