फतेहपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, चार लोगों की मौत

हादसे के समय किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य को गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

फतेहपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, चार लोगों की मौत
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —

फतेहपुर/जनमत न्यूज। जनपद फतेहपुर के ललौली थाना क्षेत्र अंतर्गत मेवली मोड़ के पास देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत के कारण हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी युवक किसी निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मेवली मोड़ के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद सभी सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य को गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही ललौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दोनों बाइकों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।