बिजली बिल राहत योजना से फतेहपुर में बड़ी राहत, 73 हजार उपभोक्ताओं ने जमा किए 67 करोड़ रुपये
अधीक्षण अभियंता ने यह भी स्पष्ट किया कि जो उपभोक्ता ‘नेवर पेड’ श्रेणी में हैं, उनका मौके पर ही पीडी (स्थायी विच्छेदन) किया जाएगा। विभाग की ओर से बकाया वसूली के साथ-साथ नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है।
फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —
फतेहपुर/जनमत न्यूज। जिले में लंबे समय से बिजली बिल न जमा कर पाने वाले ‘नेवर पेड’ एवं बकायेदार उपभोक्ताओं को विद्युत बिल राहत योजना के तहत बड़ी राहत मिली है। तीन चरणों में संचालित इस योजना के अंतर्गत जनपद में हजारों उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कर बकाया बिल जमा कर भारी छूट का लाभ उठाया है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार दूसरे चरण तक लगभग 70 हजार उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया था, जबकि तीसरे चरण में अब तक करीब 3 हजार उपभोक्ताओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इस प्रकार कुल 73 हजार उपभोक्ताओं ने 67 करोड़ रुपये का बकाया बिल जमा किया है।
अधीक्षण अभियंता अनिल वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जमा की गई राशि पर उपभोक्ताओं को मूलधन और ब्याज में बड़ी छूट प्रदान की गई है। कुल मिलाकर लगभग 121 करोड़ रुपये ब्याज में तथा 18 करोड़ रुपये मूलधन में छूट दी गई है। इस तरह करीब 140 करोड़ रुपये की राहत उपभोक्ताओं को मिली है, जो आर्थिक तंगी या अन्य कारणों से लंबे समय से बिल जमा न कर पाने वाले उपभोक्ताओं के लिए संजीवनी साबित हुई है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में योजना का अंतिम एवं तीसरा चरण संचालित है। अब तक पात्र उपभोक्ताओं में से लगभग 33 प्रतिशत ने पंजीकरण कर योजना का लाभ उठा लिया है। विभाग द्वारा शेष पात्र उपभोक्ताओं को जागरूक कर योजना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
अधीक्षण अभियंता ने यह भी स्पष्ट किया कि जो उपभोक्ता ‘नेवर पेड’ श्रेणी में हैं, उनका मौके पर ही पीडी (स्थायी विच्छेदन) किया जाएगा। विभाग की ओर से बकाया वसूली के साथ-साथ नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है।


