गोरखपुर से अजीत सिंह की रिपोर्ट —
गोरखपुर/जनमत न्यूज। Gorakhpur के चिलुवाताल थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 5, जीडीए विस्तार नगर कॉलोनी के पास सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खुले नाले में गिरने से 11 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मुडिला उर्फ मुंडेरा निवासी श्यामसुंदर का 11 वर्षीय पुत्र कन्हैया साइकिल से नाला पार कर रहा था। इसी दौरान उसकी साइकिल अनियंत्रित होकर खुले नाले में जा गिरी और बालक भी उसके साथ नाले में गिर पड़ा। नाले के भीतर निकले लोहे के सरिये का एक हिस्सा सीधे उसके सीने में धंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। परिजन भी पहुंच गए, जहां मासूम को लहूलुहान हालत में देख चीख-पुकार मच गई। बच्चे की मौत से पूरे परिवार में मातम छा गया है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि नाले को ढकने का कार्य अधूरा छोड़ा गया है और निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही बरती गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले वर्ष तिवारीपुर थाना क्षेत्र में भी खुले नाले में गिरने से एक मासूम की जान चली गई थी। उस घटना के बाद प्रशासन ने नाला ढकने की कार्रवाई की थी, लेकिन कई स्थानों पर अब भी नाले खुले पड़े हैं। आए दिन हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद जिम्मेदार विभाग पूरी तरह सतर्क नहीं दिख रहा है।
घटना के बाद लोगों में ठेकेदार और संबंधित विभाग के प्रति आक्रोश है। उनका कहना है कि लापरवाही का खामियाजा आम जनता को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं यह सवाल बना हुआ है कि आखिर कब तक खुले नालों की समस्या से लोगों को जूझना पड़ेगा और जिम्मेदारों पर प्रभावी कार्रवाई कब होगी।