शादी समारोह में पालतू कुत्ते को लेकर बवाल, दूल्हे ने किया विवाह से इंकार

युवक और युवती के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध था और दोनों ने पूर्व में मंदिर में कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। बाद में दोनों परिवार सामाजिक रीति-रिवाज से शादी के लिए सहमत हुए थे।

 शादी समारोह में पालतू कुत्ते को लेकर बवाल, दूल्हे ने किया विवाह से इंकार
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —

फतेहपुर/जनमत न्यूज। जिले के खागा कस्बे में एक शादी समारोह उस समय विवाद और हिंसा में बदल गया, जब पालतू कुत्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। घटना के बाद दूल्हे ने विवाह से इंकार कर दिया और मामला खागा कोतवाली पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार प्रयागराज निवासी लड़की पक्ष 19 फरवरी को शादी समारोह के लिए खागा आया था। बताया जा रहा है कि विवाह की अधिकांश रस्में पूरी हो चुकी थीं। इसी दौरान लड़की पक्ष अपने साथ लाया पालतू कुत्ता बारात स्थल पर खुला छोड़ दिया गया। आरोप है कि कुत्ते के भौंकने और कुछ बारातियों को काटने की कोशिश के बाद लड़के पक्ष ने आपत्ति जताई और कुत्ते को बांधने की बात कही।

बताया जाता है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुर्सियां चलने लगीं। मारपीट में महिलाओं सहित कुल आठ लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

लड़के पक्ष का कहना है कि युवक और युवती के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध था और दोनों ने पूर्व में मंदिर में कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। बाद में दोनों परिवार सामाजिक रीति-रिवाज से शादी के लिए सहमत हुए थे। आरोप है कि प्रयागराज से आए लड़की पक्ष के लोग पालतू कुत्ते को गेस्ट हाउस में लेकर पहुंचे, जहां से विवाद की शुरुआत हुई।

घटना के बाद दोनों पक्ष खागा कोतवाली पहुंचे और अपनी-अपनी तहरीर दी। लड़की पक्ष ने कैमरे के सामने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

खागा कोतवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और जांचोपरांत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।