चकिया के बैरी गांव में मिलावटी शराब का भंडाफोड़, लाइसेंसी दुकान सील
छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी संख्या में खाली बोतलें, ढक्कन, रैपर तथा संदिग्ध केमिकल बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में शराब में मिलावट की पुष्टि हुई है। अधिकारियों का मानना है कि दुकान पर अवैध रूप से नकली या मिलावटी शराब तैयार कर बिक्री की जा रही थी।
चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट —
चंदौली/जनमत न्यूज। जनपद के चकिया क्षेत्र अंतर्गत बैरी गांव स्थित अंग्रेजी शराब की लाइसेंसी दुकान पर मिलावटी शराब की बिक्री का बड़ा मामला सामने आया है। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर प्रशासनिक अधिकारियों ने औचक छापेमारी की, जिसमें भारी अनियमितताएं उजागर हुईं।
छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी संख्या में खाली बोतलें, ढक्कन, रैपर तथा संदिग्ध केमिकल बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में शराब में मिलावट की पुष्टि हुई है। अधिकारियों का मानना है कि दुकान पर अवैध रूप से नकली या मिलावटी शराब तैयार कर बिक्री की जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान दुकान का सेल्समैन मौके से फरार हो गया, जिससे संदेह और गहरा गया है। एसडीएम चकिया एवं आबकारी निरीक्षक ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए दुकान को तत्काल प्रभाव से सीलबंद कर दिया।
जानकारी के अनुसार दुकान का लाइसेंस सीमा शर्मा के नाम पर है, लेकिन छापेमारी के समय वह या कोई जिम्मेदार प्रतिनिधि मौके पर उपस्थित नहीं मिला। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है और संबंधित धाराओं में सख्त विधिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में इस कार्रवाई के बाद अन्य शराब विक्रेताओं में भी हड़कंप की स्थिति है।

Janmat News 