संभल: यादव लव स्टोरी मूवी के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने दिया ज्ञापन, फिल्म रोकने की मांग
संभल जनपद में कथित फिल्म यादव लव स्टोरी को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। संभल में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की है।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में कथित फिल्म यादव लव स्टोरी को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। संभल में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की है।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि फिल्म की कहानी और प्रचार सामग्री में यादव समाज की छवि को गलत तरीके से पेश किया गया है, जिससे समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। ज्ञापन में कहा गया कि फिल्म के नाम में जाति विशेष का उल्लेख कर उसे प्रेम प्रसंग से जोड़ना समाज की गरिमा के खिलाफ है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि ट्रेलर और प्रचार में दिखाई गई सामग्री सामाजिक सौहार्द बिगाड़ सकती है और इससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होने का खतरा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि फिल्म की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जब तक जांच पूरी न हो, तब तक इसके प्रदर्शन पर रोक लगाई जाए। साथ ही फिल्म निर्माता और संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी मांग उठाई गई है।
जिलाधिकारी कार्यालय ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। प्रशासन का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधि पर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

Janmat News 
