मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज। थाना फुगाना और साइबर क्राइम थाना मुजफ्फरनगर की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 80 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी में संलिप्त गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छह शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 9 मोबाइल फोन, 12 एटीएम कार्ड, 2 पैन कार्ड, 1 आधार कार्ड, 2 चेक बुक, 1 पास बुक, 7 फिनो बैंक की प्री-एक्टिवेटेड किट, कंप्यूटर सेट (मॉनिटर, सीपीयू, माउस), प्रिंटर, वाई-फाई राउटर तथा 5,610 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद सामान से स्पष्ट है कि गिरोह संगठित तरीके से साइबर अपराध को अंजाम दे रहा था।
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी भोले-भाले लोगों को लालच देकर उनके बैंक खाते, सिम कार्ड, आधार और पैन कार्ड हासिल कर लेते थे। इसके बाद ये खाते और दस्तावेज देश-विदेश में सक्रिय साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए जाते थे।
इन खातों से संबंधित महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात, तमिलनाडु और केरल सहित विभिन्न राज्यों में 100 से अधिक शिकायतें दर्ज पाई गई हैं, जिससे गिरोह की गतिविधियों का व्यापक दायरा सामने आया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे कमीशन के बदले बैंक खाते उपलब्ध कराते थे और एटीएम के माध्यम से धोखाधड़ी की रकम निकालकर आगे पहुंचाते थे। पुलिस ने गिरोह से जुड़े दो फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
यह कार्रवाई उच्च अधिकारियों के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना फुगाना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी या पहचान संबंधी दस्तावेज न सौंपें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।