ड्यूटी पर जाते समय सड़क हादसे में होमगार्ड की मौत, टक्कर से मचा कोहराम

50 वर्षीय अवधेश पुत्र विद्याराम, निवासी जीसुखपुर, अपने घर से जसरथपुर थाने ड्यूटी करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में वह सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े।

ड्यूटी पर जाते समय सड़क हादसे में होमगार्ड की मौत, टक्कर से मचा कोहराम
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट —

एटा/जनमत न्यूज। जिले के जैथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सर्रा ईंट भट्ठा के समीप ड्यूटी पर जा रहे एक होमगार्ड की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। आमने-सामने हुई बाइक टक्कर में दोनों मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं और होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 50 वर्षीय अवधेश पुत्र विद्याराम, निवासी जीसुखपुर, अपने घर से जसरथपुर थाने ड्यूटी करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में वह सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े।

राहगीरों ने घायल होमगार्ड को सड़क पर पड़ा देखा तो तुरंत जैथरा थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल जैथरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूर्ण कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

एसएसआई देवेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।