बहराइच में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, शातिर बदमाश गोली लगने से घायल; साथी फरार
उप्र के बहराइच जनपद में देर रात पुलिस और बदमाशो के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गयी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी जिसकी वजह से वह घायल हो गया
बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट
बहराइच/जनमत न्यूज़। उप्र के बहराइच जनपद में देर रात पुलिस और बदमाशो के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गयी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी जिसकी वजह से वह घायल हो गया जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से नानपारा और मटेरा क्षेत्र में लूट की घटना को अंजाम देने वाले बदमाश सक्रिय थे और घटना करने के बाद पुलिस को चकमा देकर फरार हो जा रहे थे।
बदमाशों की तलाश में जुटी क्राइम ब्रांच की स्वाट और थाना मटेरा की संयुक्त टीम से देर रात मटेरा-शंकरपुर नानपारा मार्ग पर बिलवा नहर मोड़ के पास शातिर बदमाशों की मुठभेड़ हो गई।
पुलिस को देख बदमाशों ने जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आत्मरक्षार्थ पुलिस की गोली लगने से शातिर अपराधी फुल्ली उर्फ तूफान उर्फ रकीब घायल होकर गिर पड़ा, जिसे दबोच लिया गया। उसका साथी असलम अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से बाइक सहित फरार हो गया। घायल बदमाश पर आधा दर्जन से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व 1 सितंबर को गुलालपुरवा टोल प्लाजा के पास इन्ही बदमाशों ने महिला गंगोत्री से मंगलसूत्र लूट लिया था। पुलिस ने अभियुक्त के पास से लूटा गया मंगलसूत्र, चोरी की होंडा शाइन बाइक और 315 बोर का तमंचा बरामद किया है। घायल बदमाश को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है तथा फरार बदमाश असलम की धरपकड़ हेतु कॉम्बिंग जारी है।




