शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज में डायलिसिस छात्राओं से मारपीट, कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठीं छात्राएं
उप्र के शाहजहांपुर जनपद में शुक्रवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज में कार सवार गुंडो द्वारा पैरामेडिकल छात्राओं के साथ जमकर मारपीट करने की घटना सामने आई है।
शाहजहांपुर से राजीव शुक्ला की रिपोर्ट
शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के शाहजहांपुर जनपद में शुक्रवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज में कार सवार गुंडो द्वारा पैरामेडिकल छात्राओं के साथ जमकर मारपीट करने की घटना सामने आई है। इतना ही नहीं डायलिसिस रूम में भी जमकर तोड़फोड़ की गई है।
घटना के बाद कार्रवाई की मांग को लेकर पैरामेडिकल की छात्र-छात्राएं धरने पर बैठ गए हैं। छात्र कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरी घटना चौक कोतवाली क्षेत्र के राजकीय मेडिकल कॉलेज की है।
जानकारी के अनुसार डायलिसिस करने आई महिला के तीमारदार ने पहले विवाद शुरू कर दिया। जिसके बाद उसने फोन करके गुंडो को बुला लिया। तीन कारों में सवार गुंडे यहां पहुंचे और उन्होंने पैरामेडिकल के छात्राओं के साथ जमकर मारपीट की और डायलिसिस रूम में तोड़फोड़ भी की।
पैरामेडिकल छात्राओं का कहना है कि कार सवार लोग खुद को एक भाजपा विधायक का करीबी बता रहे थे। जिनकी गाड़ियों पर विधायक के पोस्टर लगे हुए थे। मारपीट और तोड़फोड़ की घटना को अंजाम देने के बाद सभी मौके से फरार हो गए।
इसके बाद पैरामेडिकल की छात्राओं ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया और प्रिंसिपल के चेंबर के बाद धरने पर बैठ गए। फिलहाल सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
वही इस मामले में मेडिकल कॉलेज का कोई भी अधिकारी कुछ भी बोलने से बचता नजर आया। अब देखने वाली बात होगी कि कितनी जल्दी योगी की पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही करती है।


