कांवड़ यात्रा को लेकर प्रतापगढ़ प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, एसपी ने बाबा बेलखर नाथ धाम का किया निरीक्षण

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार के साथ बाबा बेलखर नाथ धाम पहुंचकर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।

कांवड़ यात्रा को लेकर प्रतापगढ़ प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, एसपी ने बाबा बेलखर नाथ धाम का किया निरीक्षण
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट  

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार के साथ बाबा बेलखर नाथ धाम पहुंचकर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन और जलाभिषेक कर जनपद की सुख-समृद्धि एवं शांतिपूर्ण कांवड़ यात्रा की कामना भी की। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने थाना दिलीपपुर क्षेत्र स्थित पौराणिक बाबा बेलखर नाथ धाम का स्थलीय निरीक्षण किया।

उन्होंने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग, सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश व्यवस्था, कांवड़ मार्ग, पुलिस ड्यूटी प्वाइंट और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी यातायात व्यवस्था, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं।

निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर और अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार ने बाबा बेलखर नाथ मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन और जलाभिषेक किया। प्रतापगढ़ पुलिस ने कहा है कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।