हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —
हरदोई/जनमत न्यूज़। हरदोई जिले में एक अनोखा और दिल को छू लेने वाला जन्मदिन समारोह चर्चा का विषय बना हुआ है। सदर तहसील क्षेत्र के गौरा डांडा गांव में रहने वाले पशुपालक लालाराम श्रीवास्तव ने अपनी दो बकरियों ‘स्वीटी’ और ‘मोनिका’ का जन्मदिन पूरे उत्साह, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया। इस आयोजन ने न केवल गांव बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
बीती रात आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के लिए लालाराम ने बाकायदा निमंत्रण पत्र छपवाकर ग्रामीणों को आमंत्रित किया। समारोह की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठानों से हुई। गांव में रामायण और भागवत पाठ का आयोजन कराया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा। इसके बाद ‘स्वीटी’ और ‘मोनिका’ को विधिवत स्नान कराया गया, फूलों की मालाएं पहनाई गईं और नए वस्त्र धारण कराए गए। पूरे कार्यक्रम में पारंपरिक रीति-रिवाजों का विशेष ध्यान रखा गया।
समारोह का माहौल उस समय और भी उल्लासपूर्ण हो गया जब डीजे की धुनों पर गांव के बच्चे, युवा और बुजुर्ग झूम उठे। उत्सव में करीब 200 लोगों के लिए भव्य दावत का आयोजन किया गया था। ग्रामीणों ने प्रेम और अपनत्व के इस अनोखे जश्न में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब लालाराम ने ऐसा आयोजन किया हो। पिछले वर्ष भी उन्होंने इसी तरह लगभग 300 मेहमानों को आमंत्रित कर जन्मदिन समारोह मनाया था और 51 कन्याओं को भोज कराकर सामाजिक परंपरा का निर्वहन किया था।
ग्रामीणों का कहना है कि यह आयोजन केवल जन्मदिन का उत्सव नहीं, बल्कि पशुओं के प्रति गहरे लगाव और संवेदनशीलता का प्रतीक है। लालाराम का मानना है कि ‘स्वीटी’ और ‘मोनिका’ उनके परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। वे कहते हैं कि बेजुबान जानवर भी प्रेम और सम्मान के हकदार हैं।
आज के समय में, जब सामाजिक रिश्तों में दूरियां बढ़ती जा रही हैं, लालाराम का यह प्रयास समाज को पशु-प्रेम, करुणा और संवेदनशीलता का सशक्त संदेश देता है।