बरेली में पुलिस व डकैतों के बीच मुठभेड़, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली; चार गिरफ्तार
बरेली जनपद के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने धौराटांडा डकैती कांड में वांछित चल रहे 4 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट
बरेली/जनमत न्यूज। उप्र के बरेली जनपद के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने धौराटांडा डकैती कांड में वांछित चल रहे 4 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जबकि मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की फायरिंग से एक उप-निरीक्षक और एक सिपाही भी घायल हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार भोजीपुरा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मसीत से महेशपुर शिवसिंह मार्ग पर चेकिंग कर रहे थे। तभी एक संदिग्ध पिकअप वाहन आता दिखाई दिया, जिसकी नंबर प्लेट कपड़े से ढकी हुई थी। पुलिस ने जब उसे रोकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी नहर किनारे दौड़ा दी और अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई।
खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इससे उप-निरीक्षक रुकमेश सिंह और कांस्टेबल संजय सागर घायल हो गए।
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश अकरम अली निवासी लभेड़ा, हाफिजगंज और आसिफ निवासी तुलसी नगर, बारादरी के पैरों में गोली लगी। मौके से पुलिस ने घेराबंदी कर उनके दो अन्य साथियों, साहिल और शाहिद दोनों पुत्र मो. आरिफ, निवासी तुलसी नगर को भी गिरफ्तार कर लिया।
थाना पुलिस ने डाकुओं से हुई मुठभेड़ को लेकर डकैती कांड का खुलासा किया है। मुठभेड़ में दरोगा-सिपाही भी घायल हुए, वही पुलिस ने उनसे कैश व हथियार भी बरामद किए हैं।

Janmat News 
