पुलिसकर्मी व रेलकर्मी भाइयों के घरों में चोरी, नगदी समेत हजारों का सामान पार

कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भोपतपुर गांव में बीती रात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए दो सगे भाइयों के अलग-अलग मकानों को निशाना बना लिया। दोनों भाई क्रमशः पुलिस विभाग और रेलवे विभाग में कार्यरत बताए जा रहे हैं।

पुलिसकर्मी व रेलकर्मी भाइयों के घरों में चोरी, नगदी समेत हजारों का सामान पार
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

हाथरस से होमेन्द्र कुमार मिश्रा की रिपोर्ट —

हाथरस/जनमत न्यूज़। हाथरस जनपद के जंक्शन कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भोपतपुर गांव में बीती रात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए दो सगे भाइयों के अलग-अलग मकानों को निशाना बना लिया। दोनों भाई क्रमशः पुलिस विभाग और रेलवे विभाग में कार्यरत बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोपतपुर निवासी जगदीश और जितेंद्र दो सगे भाई हैं, जिनके मकान पास-पास ही बने हुए हैं। इनमें से एक भाई पुलिसकर्मी है, जबकि दूसरा रेलकर्मी के पद पर कार्यरत है। बताया जा रहा है कि बीती रात अज्ञात चोरों ने दोनों बंद मकानों पर धावा बोल दिया और घरों में रखी करीब 6 हजार रुपये की नगदी सहित हजारों रुपये मूल्य का सामान चोरी कर ले गए।

सुबह जब ग्रामीणों ने दोनों घरों के दरवाजे खुले देखे तो उन्हें चोरी की आशंका हुई। सूचना फैलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके बाद तत्काल इलाका पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही जंक्शन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। साथ ही चोरों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।