सेना के जवान की हत्या का मुख्य आरोपी व 25 हजार का इनामी हेमंत पुलिस मुठभेड़ में घायल

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य अभियुक्तों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई है। इस मामले में दो अभियुक्तों को हाथरस पुलिस तथा दो अभियुक्तों को हरियाणा की कुरुक्षेत्र पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेजा जा चुका है। अब तक कुल चार आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे जा चुके हैं।

सेना के जवान की हत्या का मुख्य आरोपी व 25 हजार का इनामी हेमंत पुलिस मुठभेड़ में घायल
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

हाथरस से होमेन्द्र कुमार मिश्रा की रिपोर्ट —

हाथरस/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश पुलिस की एसओजी टीम और थाना सादाबाद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारतीय सेना के जवान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या करने वाले 25,000 रुपये के इनामिया अभियुक्त हेमंत को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान हुई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

पुलिस के अनुसार, भारतीय सेना के जवान अखिलेश चौधरी की सनसनीखेज हत्या के मामले में हेमंत पुत्र जगवीर निवासी समदपुर, थाना सादाबाद, वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि अभियुक्त विसावर-विधिपुर बंबा की ओर देखा गया है। सूचना पर सक्रिय हुई एसओजी टीम और थाना सादाबाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की।

पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया और फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में हेमंत के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक चोरी की मोटरसाइकिल (बजाज सीटी-100) बरामद की गई। बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में थाना सादाबाद पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य अभियुक्तों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई है। इस मामले में दो अभियुक्तों को हाथरस पुलिस तथा दो अभियुक्तों को हरियाणा की कुरुक्षेत्र पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेजा जा चुका है। अब तक कुल चार आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे जा चुके हैं।

पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।