हरदोई एसपी ने तीन दरोगा समेत 4 पुलिसकर्मी को किया सस्पेंड, पैसों की हेराफेरी और लापरवाही की है शिकायत
उप्र के हरदोई जनपद के एसपी अशोक कुमार मीणा ने तीन दरोगा और एक फॉलोअर समेत 4 पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया है।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के एसपी अशोक कुमार मीणा ने तीन दरोगा और एक फॉलोअर समेत 4 पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया है।
सभी को सस्पेंड कर उनके विरुद्ध जांच बैठा दी, जिससे महकमे में हड़कंप मचा है। पैसों की हेराफेरी, लापरवाही और शराब के नशे में धुत पुलिसकर्मियों पर एसपी का यह बड़ा एक्शन हुआ है।
थाना बेहटा गोकुल में तैनात दरोगा मोहित कुमार को सरकारी काम में लापरवाही पर सस्पेंड किया गया है। जबकि कोतवाली देहात के दरोगा सभा नारायण सिंह ने कई लोगों से मोटी धनराशि हड़प ली।
सभा नारायण सिंह पर बाराबंकी और एटा जिले में पहले से ही आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बिना किसी छुट्टी या सूचना के ड्यूटी से भी गायब थे, इसीलिए कप्तान ने सस्पेंड किया।
थाना शाहाबाद के दरोगा दृगपाल सिंह गौर काम में ढिलाई के साथ बड़े अफसरों के आदेशों-निर्देशों को भी ठेंगा दिखा रहे थे। उन्होंने आम जनता के साथ भी अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया था। कप्तान ने सस्पेंड कर दिया।
थाना सुरसा में तैनात फॉलोअर शुभम गंगवार को शराब पीकर आम जनता के साथ सरेराह गाली-गलौज और बदतमीजी करने पर सस्पेंड किया गया है।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने जिले के सभी पुलिसकर्मियों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है और कहा है कि जनता से बदतमीजी और काम में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




