हरदोई में जल जीवन मिशन के गोदाम में भीषण आग, छह फायर टेंडरों ने चार घंटे में पाया काबू
उप्र के हरदोई में कोतवाली शहर क्षेत्र के बिलग्राम रोड पर जल जीवन मिशन का काम कर रही एनसीसी कंपनी के गोदाम में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई। रात करीब 3:30 बजे गोदाम में आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को मिली।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई में कोतवाली शहर क्षेत्र के बिलग्राम रोड पर जल जीवन मिशन का काम कर रही एनसीसी कंपनी के गोदाम में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई। रात करीब 3:30 बजे गोदाम में आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को मिली।
आग तेजी से फैलने के कारण आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सदर से एक फायर टेंडर मौके पर भेजा गया। आग की भयावहता देखते हुए सदर से दो, संडीला से दो और बिलग्राम से एक अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाया गया।
6 फायर टेंडरों की मदद से दमकल कर्मियों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गोदाम के आसपास प्लास्टिक का स्क्रैप पड़ा होने के कारण आग फैलने का खतरा बढ़ गया था। दमकल टीम ने पहले चारों तरफ से शेड को ठंडा किया और फिर आग बुझाने का अभियान चलाया।
अग्निशमन अधिकारी महेश प्रताप सिंह के मुताबिक, घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रही है।हालांकि,आग से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन सर्वेयर की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।



