दुष्कर्म प्रकरण में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, आरोपियों के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

नायब तहसीलदार अनवर हुसैन के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने बुलडोजर के माध्यम से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी शीबू और सलमान से संबंधित बताई जा रही दुकानों को गिराया गया।

दुष्कर्म प्रकरण में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, आरोपियों के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

फर्रुखाबाद से वरूण दूबे की रिपोर्ट —

फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज़। जनपद फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र में कोचिंग सेंटर में छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म प्रकरण के बाद प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई की है। सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई मंगलवार सुबह से शुरू कर दी गई।

बताया गया है कि बीते सोमवार देर शाम पुलिस बल के साथ राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों द्वारा किए गए निर्माण की पैमाइश की थी। जांच में प्रथम दृष्टया पाया गया कि कुछ दुकानों और निर्माणों को सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाया गया है। प्रशासन ने संबंधित पक्षों को मंगलवार सुबह तक स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था।

निर्धारित समय तक कब्जा न हटाए जाने पर मंगलवार सुबह नायब तहसीलदार अनवर हुसैन के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने बुलडोजर के माध्यम से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी शीबू और सलमान से संबंधित बताई जा रही दुकानों को गिराया गया। राजस्व टीम की पुष्टि के अनुसार ये निर्माण अतिक्रमण कर बनाए गए थे।

इसके अतिरिक्त आरोपी अनस के गांव निजामुद्दीनपुर में नवीन परती भूमि पर भी अवैध कब्जा पाया गया, जहां कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई गई। प्रशासनिक टीम ने शकील मार्केट का भी सीमांकन कराया। टीम के अनुसार मार्केट का कुछ हिस्सा कब्रिस्तान की भूमि में आ रहा है। हालांकि मार्केट स्वामी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि निर्माण नगर पंचायत के स्वीकृत नक्शे के अनुसार हुआ है और मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है।

प्रशासन द्वारा आरोपियों और संबंधित कब्जाधारकों को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे। नायब तहसीलदार अनवर हुसैन ने स्पष्ट किया कि नोटिस के बावजूद अतिक्रमण न हटाए जाने के कारण मजबूरन ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कार्रवाई के दौरान आरोपियों के रिश्तेदार रावेज के मकान पर भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। वहीं, संबंधित पक्षों ने दावा किया है कि उनका मामला न्यायालय में विचाराधीन है और वे कानूनी प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखेंगे।

प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। पूरे प्रकरण को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है।