रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात: दामाद ने ससुर की पीट-पीटकर हत्या, बहन घायल

ससुर और दामाद के बीच पूर्व से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी दामाद ने हाकी से अपने ससुर के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात: दामाद ने ससुर की पीट-पीटकर हत्या, बहन घायल
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज़। जनपद हरदोई के पचदेवरा थाना क्षेत्र में रिश्तों को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक दामाद ने अपने ससुर की हाकी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना में मृतक की बहन भी घायल हो गई। वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर जनपद के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला विकास नगर गंज निवासी अशोक बाबू उर्फ पिन्ने मंगलवार को अपनी बहन अलका के साथ बाइक से हनुमत धाम रामताल मंदिर में प्रसाद चढ़ाकर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम हथौड़ा के पास नहर के निकट पहुंचे, तभी उनके दामाद मनमोहन उर्फ मन्नू, निवासी ग्राम हथौड़ा, ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।

बताया जा रहा है कि ससुर और दामाद के बीच पूर्व से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी दामाद ने हाकी से अपने ससुर के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। कई वार सिर पर लगने से अशोक बाबू गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव में उनकी बहन अलका भी घायल हो गईं।

घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल अशोक बाबू को तत्काल फर्रुखाबाद स्थित लोहिया अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना मिलते ही पचदेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी शाहाबाद आलोक राज नारायण ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है तथा आरोपी दामाद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।