संभल में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक शातिर गिरफ्तार दूसरा फरार
उप्र के संभल जनपद के चंदौसी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ होने की खबर है। मुठभेड़ के दौरान एक शातिर गिरफ्तार किया गया जबकि दूसरा फरार हो गया।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद के चंदौसी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ होने की खबर है। मुठभेड़ के दौरान एक शातिर गिरफ्तार किया गया जबकि दूसरा फरार हो गया। बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंका, जवाबी कार्यवाही में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है।
प्रप्त समाचार के अनुसार संभल जनपद के चंदौसी कोतवाली इलाके के कैथल गांव में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच रविवार सुबह 11:00 की करीब मुठभेड़ हो गई। घटनाक्रम के अनुसार दो संदिग्ध लोग बाइक पर आते दिखाई दिए।
पुलिस से रुकने का इशारा किया लेकिन बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो कर गिर गया। पीछे बैठा हुआ बदमाश मौके का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। घायल बदमाश को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल बदमाश की पहचान बदायूं जनपद के गदर पुरा निवासी रवि के रूप में हुई है। फरार बदमाश की पहचान पुष्पेंद्र उर्फ राजेंद्र पुत्र इंदल अगवानपुर जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई है। मौके से घटना में शामिल आर वन फाइव बाइक, एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, लूटे गए 20,000 रुपए तथा आभूषण बरामद हुआ है।
मौके पर चंदौसी कोतवाली पुलिस के अलावा चार थानों की पुलिस सहित चंदौसी सर्किल के सीओ दीपक तिवारी व एसओजी टीम मौजूद रही और साक्ष्य संकलित करने में जुटी रही। फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।


