ऑटो में युवक की जेब काटकर 40 हजार रुपये लेकर फरार, साथी की बाइक से भागा जेबकतरा
जेबकतरा ऑटो से कूदकर बाहर निकल गया और पहले से मौजूद अपने साथी की बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
फर्रुखाबाद से वरूण दूबे की रिपोर्ट —
फर्रुखाबाद /जनमत न्यूज। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े जेबकटाई की घटना से हड़कंप मच गया। ऑटो में सफर कर रहे एक व्यक्ति की जेब काटकर युवक 40 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित व्यक्ति बैंक में 40 हजार रुपये जमा करने जा रहा था। इसी दौरान वह ऑटो में बैठकर जा रहा था। आरोप है कि ऑटो में मौजूद एक युवक ने मौका पाकर उसकी जेब काटनी शुरू कर दी। पीड़ित को शक होने पर उसने जेबकतरे का हाथ पकड़ लिया, लेकिन आरोपी किसी तरह रुपये निकालने में सफल हो गया।
बताया जा रहा है कि जेबकतरा ऑटो से कूदकर बाहर निकल गया और पहले से मौजूद अपने साथी की बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Janmat News 
