हरदोई के मुकुल सिंह ने CM योगी के लिए 200वीं बार कराया मुंडन, निभाया आस्था का संकल्प
उत्तर प्रदेश की राजनीति में नेताओं के प्रति समर्थकों का उत्साह अक्सर देखने को मिलता है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी हरदोई के जिला कार्यसमिति सदस्य मुकुल सिंह आशा
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश की राजनीति में नेताओं के प्रति समर्थकों का उत्साह अक्सर देखने को मिलता है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी हरदोई के जिला कार्यसमिति सदस्य मुकुल सिंह आशा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति अपने समर्पण और आस्था का एक अनोखा उदाहरण प्रस्तुत किया है, इसके लिए उन्होंने 200वीं बार अपना मुंडन कराया।
उनका यह कार्य क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। मुकुल सिंह ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रभु श्रीराम के समक्ष मनौती मांगी थी।
यह मनौती योगी आदित्यनाथ के दोबारा मुख्यमंत्री बनने के लिए थी।विधानसभा चुनाव में भाजपा को बहुमत मिलने और योगी आदित्यनाथ के पुनः मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने अपने संकल्प का पालन शुरू किया।
उन्होंने प्रण लिया था कि जब तक योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री अथवा उससे बड़े किसी महत्वपूर्ण पद पर रहेंगे, तब तक वह नियमित रूप से मुंडन कराते रहेंगे। इसी संकल्प के तहत 24 मार्च 2022 से यह क्रम लगातार जारी है।
4 सालों से अधिक समय में वह लगभग 200 बार मुंडन करा चुके हैं।मुकुल सिंह का कहना है कि यह कार्य किसी राजनीतिक लाभ प्रचार या व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के लिए नहीं किया जा रहा है।
उनके अनुसार यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व, कार्यशैली, प्रशासनिक क्षमता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण के प्रति उनके सम्मान और विश्वास का प्रतीक है। मुकुल सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास, सुशासन और कानून व्यवस्था को मजबूती मिली है, जिससे वह प्रभावित हैं।
भाजपा नेता ने इच्छा व्यक्त की कि प्रदेश और देश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी रहे तथा भविष्य में योगी आदित्यनाथ देश के सर्वोच्च नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालें। उन्होंने कहा कि जब तक उनका संकल्प पूरा नहीं होता, वह इसे निभाते रहेंगे।

Janmat News 
