अयोध्या पहुंचे नव-नियुक्त CEO एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा, चयन समिति और प्रभु श्रीराम का जताया आभार
अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्रा पदभार संभालने के लिए पहली बार अयोध्या पहुंचे।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्रा पदभार संभालने के लिए पहली बार अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया, जहाँ श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट का विशेष वाहन उन्हें रिसीव करने के लिए पहले से तैनात था।
एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए नव-नियुक्त CEO ने अपनी प्राथमिकताओं और भावनाओं को साझा किया। उन्होंने कहा मुझे यह अत्यंत महत्वपूर्ण और पवित्र जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके लिए मैं चयन समिति, ट्रस्ट के सदस्यों और प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद का हृदय से आभारी हूँ।
उन्होंने कहा यह मेरी अयोध्या की पहली यात्रा है। कृपया मुझे औपचारिक रूप से पदभार संभालने और व्यवस्थाओं को समझने के लिए थोड़ा समय दें। मैं जल्द ही ट्रस्ट के साथ मिलकर तैयार की गई अपनी पूरी विस्तृत कार्ययोजना आप सभी के साथ साझा करूँगा।
रामलला के दर्शन के साथ होगी शुरुआत
महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट से एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा सीधे राम जन्मभूमि परिसर के लिए रवाना हुए, जहाँ वे सबसे पहले बालकरूप रामलला के दर्शन कर आशीर्वाद लेंगे। दर्शन और पूजन-अर्चना के बाद, वे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। इस बैठक में मंदिर निर्माण के शेष कार्यों, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और ट्रस्ट की आगामी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।




