प्रतापगढ़: बिजली विभाग के जेई ने फंदे से लटककर दी जान, आत्महत्या के कारणों की अभी नहीं हुई पुष्टि

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के उदयपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को विद्युत विभाग के अवर अभियंता (जेई) विवेक यादव (38) ने कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।

प्रतापगढ़: बिजली विभाग के जेई ने फंदे से लटककर दी जान, आत्महत्या के कारणों की अभी नहीं हुई पुष्टि
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के उदयपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को विद्युत विभाग के अवर अभियंता (जेई) विवेक यादव (38) ने कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। दोपहर में कर्मचारियों के कई बार फोन करने के बावजूद फोन रिसीव नहीं हुआ तो वे उनके किराए के कमरे पर पहुंचे। दरवाजा खोलने पर विवेक का शव फंदे से लटका मिला।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू कर दी। विवेक यादव पुत्र राजन प्रसाद यादव उदयपुर पावर हाउस में तैनात थे। करीब दो महीने पहले ही उन्होंने जेई का चार्ज संभाला था। वह मंगापुर बाजार में पत्नी सुमन यादव (35), बेटे और दो बेटियों के साथ किराए के मकान में रहते थे।

रक्षाबंधन के अवसर पर पत्नी तीनों बच्चों के साथ अपने घर चली गई थीं, जिसके बाद विवेक कमरे पर अकेले रह रहे थे। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे कर्मचारियों ने विवेक को कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कर्मचारी उनके कमरे पर पहुंचे। वहां उनका शव फंदे से लटका मिला। कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। रात में फोन पर किसी से विवाद की चर्चा विभागीय कर्मचारियों के अनुसार विवेक कभी-कभी परिवार को लेकर फोन पर किसी से बातचीत के दौरान अनबन करते थे।

पड़ोसियों ने बताया कि सोमवार रात करीब 10 बजे वह फोन पर किसी से विवाद कर रहे थे। इसके बाद रात करीब साढ़े 10 बजे से उनका फोन नहीं लग रहा था। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। मृतक के छोटे भाई विनय ने बताया कि परिवार में किसी तरह की अनबन नहीं थी।

विवेक वर्ष 2019 में विद्युत विभाग में एसएसओ के पद पर भर्ती हुए थे और करीब सात वर्षों से उदयपुर पावर हाउस पर तैनात थे। बाद में उन्होंने जेई का चार्ज संभाला था। विवेक का बेटा नैतिक (15) वाराणसी में रहकर पढ़ाई करता है, जबकि बेटियां निहारिका (12) और नव्या (8) सांगीपुर के सिद्ध आश्रम पब्लिक स्कूल में पढ़ती हैं।

उदयपुर थानाध्यक्ष दीप नारायण ने बताया कि मृतक के परिजन रास्ते में हैं। उनके पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सहकर्मियों व अन्य लोगों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।