चोरी का खुलासा न होने से परेशान दंपति ने दी आत्मदाह की चेतावनी, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथरस जनपद में चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में पुलिस खुलासा करने में नाकाम रही है। ऐसे में लोगों के बीच पुलिस की कार्यशैली को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है।

चोरी का खुलासा न होने से परेशान दंपति ने दी आत्मदाह की चेतावनी, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

हाथरस से होमेन्द्र कुमार मिश्रा की रिपोर्ट —

हाथरस/जनमत न्यूज। जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र में चोरी की एक घटना के खुलासे में हो रही देरी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोटा रोड स्थित बलदेव नगर में रहने वाले एक दंपति ने पुलिस कार्रवाई से निराश होकर आत्मदाह करने की चेतावनी दे दी है। पीड़ित परिवार का कहना है कि चोरी की घटना के बाद उनकी आर्थिक स्थिति पूरी तरह चरमरा गई है और अब उनके पास कोई सहारा नहीं बचा है।

जानकारी के अनुसार 15 फरवरी को बलदेव नगर निवासी वीरेंद्र पाराशर के घर चोरों ने धावा बोल दिया था। चोरों ने मकान के ताले तोड़कर घर में रखे लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चोरी कर ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और मामले की शिकायत दर्ज कराई।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना को एक महीना बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक चोरी की घटना का खुलासा नहीं कर सकी है। परिवार के सदस्य लगातार थाना और चौकी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। पीड़ितों का कहना है कि इस चोरी ने उनकी आर्थिक स्थिति पूरी तरह से तोड़कर रख दी है और वे बर्बादी के कगार पर पहुंच गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथरस जनपद में चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में पुलिस खुलासा करने में नाकाम रही है। ऐसे में लोगों के बीच पुलिस की कार्यशैली को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है।

पीड़ित दंपति ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा नहीं हुआ और उनका सामान बरामद नहीं किया गया, तो वे आत्मदाह करने के लिए मजबूर होंगे। इस चेतावनी के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।

अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले में कितनी जल्दी कार्रवाई करती है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं। फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।