रायबरेली: कोडीन युक्त कफ सिरप मामले में बड़ी कार्रवाई, मास्टरमाइंड अरेस्ट; सह आरोपी गिरफ्त से बाहर
उप्र के रायबरेली जिले में कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जिले में कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मिलएरिया थाना पुलिस ने इस मामले के मास्टरमाइंड बताए जा रहे अजय फार्मा के संचालक दिवाकर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार अजय फार्मा द्वारा करीब 5 से 6 लाख शीशियां कफ सिरप की खरीदी की गई थी, जिसे लेकर ड्रग इंस्पेक्टर शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बीते दिनों मुकदमा दर्ज कराया था। इस प्रकरण में अजय फार्मा के संचालक दिवाकर सिंह और मेडिसिन हाउस के संचालक प्रियांशू के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आज दिवाकर सिंह को गिरफ्तार कर लिया, जबकि सह आरोपी प्रियांशू अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस दिवाकर सिंह के बैंक खातों की भी गहन जांच कर रही है। खाते से कहां-कहां और किन-किन लोगों के साथ लेन-देन हुआ, इसकी पूरी डिटेल खंगाली जा रही है।
पुलिस को आशंका है कि इस पूरे नेटवर्क में पर्दे के पीछे कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश और जांच जारी है। मामले में आगे और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।

Janmat News 
