प्रतापगढ़: मुहर्रम के मद्देनजर एसपी ने पुलिस बल के साथ किया फ्लैग मार्च, ड्रोन से निगरानी
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में आगामी मुहर्रम पर्व के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक ने नगर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी ने पुलिस बल के साथ नगर कोतवाली क्षेत्र के घंटाघर, प्रमुख बाजारों और आसपास के इलाकों में पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) किया।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में आगामी मुहर्रम पर्व के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक ने नगर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी ने पुलिस बल के साथ नगर कोतवाली क्षेत्र के घंटाघर, प्रमुख बाजारों और आसपास के इलाकों में पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) किया।
इस दौरान भीड़-भाड़ वाले और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की गई। गश्त के दौरान एसपी ने आमजन, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित किया।
उन्होंने शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक ने जुलूस मार्गों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
उन्होंने बताया कि पूरे जनपद में लगभग 197 स्थानों पर ताजिया दफन किए जाते हैं। इसके अतिरिक्त, 700 से अधिक ताजिया अलग-अलग स्थानों पर स्थापित किए जाते हैं और विभिन्न दिनों में उनके जुलूस निकाले जाते हैं।
नगर कोतवाली क्षेत्र को विशेष रूप से चिन्हित किया गया है, क्योंकि यहां विभिन्न जुलूस एकत्रित होते हैं और ताजिया उठाई जाती है। इस क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। एसपी ने जानकारी दी कि पूर्व में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में सभी को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
इन निर्देशों के अनुसार, ताजिया की ऊंचाई निर्धारित सीमा में रहेगी, डीजे की आवाज और उसकी ऊंचाई भी सीमित रखी जाएगी। जुलूसों की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाएगी ताकि किसी भी अव्यवस्था को तुरंत नियंत्रित किया जा सके।

Janmat News 
