मंदिरों और कॉरिडोर के नाम पर हो रहा घोटाला, देश में भ्रष्टाचार का बोलबाला: मैनपुरी सांसद डिंपल यादव
समाजवादी पार्टी की मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने भाजपा पर भ्रष्टाचार को लेकर तीखा हमला बोला। वह मैनपुरी की भोगांव विधानसभा के कस्बा भोगांव में एक पत्रकार की दिवंगत माता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचीं।
मैनपुरी से गौरव पाण्डेय की रिपोर्ट
मैनपुरी/जनमत न्यूज़। समाजवादी पार्टी की मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने भाजपा पर भ्रष्टाचार को लेकर तीखा हमला बोला। वह मैनपुरी की भोगांव विधानसभा के कस्बा भोगांव में एक पत्रकार की दिवंगत माता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचीं।
उन्होंने दिवंगत की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए डिंपल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में देश में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगभग हर विभाग में अनियमितताएं और भ्रष्टाचार व्याप्त है।
उन्होंने कहा कि अब मंदिरों और धार्मिक परियोजनाओं के नाम पर भी घोटाले किए जा रहे हैं। उनका कहना था कि चाहे अयोध्या का राम मंदिर हो या अन्य मंदिरों के विकास कार्य और कॉरिडोर परियोजनाएं, इन सबमें कमीशनखोरी और धन के दुरुपयोग की शिकायतें सामने आ रही हैं।
डिंपल यादव ने कहा कि मंदिर जनता के चंदे और आस्था से बन जाते हैं, लेकिन सरकार द्वारा स्वीकृत धनराशि के उपयोग में पारदर्शिता नहीं दिखाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक आस्था के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।
मतदाता सूची में लगातार नाम काटे जाने के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि मैनपुरी में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से गायब किए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर भाजपा के पास ऐसा कौन-सा सॉफ्टवेयर है, जिसकी वजह से लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव बेहद जरूरी हैं तथा मतदाता सूची में गड़बड़ी गंभीर चिंता का विषय है। डिंपल यादव ने इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया।

Janmat News 
