अयोध्या: राम मंदिर ट्रस्ट गबन मामले में पूर्व मंत्री ने महासचिव चंपत राय पर लगाए गंभीर आरोप
उप्र के अयोध्या जनपद में राम मंदिर ट्रस्ट गबन मामले को लेकर सियासत लगातार गरमाती जा रही है। कांग्रेस के बाद अब समाजवादी पार्टी ने भी ट्रस्ट और उसके महासचिव चंपत राय के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद में राम मंदिर ट्रस्ट गबन मामले को लेकर सियासत लगातार गरमाती जा रही है। कांग्रेस के बाद अब समाजवादी पार्टी ने भी ट्रस्ट और उसके महासचिव चंपत राय के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सपा के पूर्व मंत्री पवन पांडे ने प्रेस वार्ता कर ट्रस्ट पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पवन पांडे ने आरोप लगाते हुए कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट ने अयोध्या में कई नजूल की जमीनों को उनकी वास्तविक मालियत से कहीं अधिक कीमत पर खरीदा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आनंद भवन नाम की संपत्ति, जिसके मालिक रमाकांत पाठक बताए जाते हैं, उसे भी ट्रस्ट ने खरीदा है। पांडे ने दावा किया कि रमाकांत पाठक एक इनामिया अपराधी रहे हैं और ऐसे लोगों से संपत्ति खरीदना कई सवाल खड़े करता है।
सपा नेता ने चंपत राय और उनके सहयोगियों पर जमीन खरीद-फरोख्त में गड़बड़ी और फ्रॉड करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राम भक्तों द्वारा श्रद्धा से दिए गए समर्पण और दान का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ट्रस्ट का एक भवन नजूल भूमि पर बना हुआ है।
पवन पांडे ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही कहा कि भगवान राम की नगरी अयोध्या में ट्रस्ट में वही लोग रहें जो मर्यादा और पारदर्शिता का पालन करते हों, बाकी लोगों को बाहर किया जाना चाहिए।

Janmat News 
