वाराणसी: पैसे के लेन-देन के विवाद में फायरिंग, इलाके में अफरा-तफरी; पुलिस कर रही जांच
उप्र के वाराणसी जनपद के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में देर रात करीब 1:30 बजे पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई।
वाराणसी से उमेश सिंह की रिपोर्ट
वाराणसी/जनमत न्यूज़। उप्र के वाराणसी जनपद के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में देर रात करीब 1:30 बजे पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, पहड़िया निवासी अंशुमान सिंह उर्फ सानू और पहड़िया मंडी निवासी अनीश गौतम के बीच करीब 5 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि विवाद के निपटारे के लिए गाजीपुर के हिस्ट्रीशीटर अंगद यादव और उसके साथी शैलेंद्र को बुलाया गया था।
बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी असलहे के दम पर दबाव बनाने और संबंधित पक्ष को डराने-धमकाने की नीयत से पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और हवाई फायरिंग कर दी गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद लोग सक्रिय हो गए। बताया जा रहा है कि जिन लोगों को धमकाने और निशाना बनाने की कोशिश की जा रही थी, उन्हीं लोगों ने अंगद यादव को पकड़ लिया। इस दौरान उसके साथ मारपीट भी हुई।
घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। इस घटना से जुड़े मारपीट और कथित फायरिंग के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
पुलिस वीडियो के आधार पर भी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस फायरिंग, मारपीट और अवैध असलहे के इस्तेमाल समेत पूरे मामले की गहन पड़ताल में जुटी हुई है।

Janmat News 
