फर्रुखाबाद: जहरीला फल खाने से महिला समेत 7 बच्चे बीमार, उपचार जारी; स्वास्थ्य विभाग ने लिया संज्ञान
उप्र के फर्रुखाबाद जनपद में रेलवे लाइन किनारे लगे जहरीले फल खाने से महिला समेत 7 बच्चे बीमार पड़ गए। घटना अस्पताल में भर्ती कम्पिल थाना क्षेत्र के मांझ गांव की है।
फर्रुखाबाद से वरुण दुबे की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज़। उप्र के फर्रुखाबाद जनपद में रेलवे लाइन किनारे लगे जहरीले फल खाने से महिला समेत 7 बच्चे बीमार पड़ गए। घटना अस्पताल में भर्ती कम्पिल थाना क्षेत्र के मांझ गांव की है।
प्राप्त समाचार के अनुसार रेलवे लाइन किनारे लगे जटरोफा (Jatropha) के फल खाने से एक महिला समेत 7 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। फल खाने के कुछ देर बाद बच्चों और महिला को उल्टी, चक्कर, घबराहट और बेचैनी की शिकायत हुई।
परिजनों में हड़कंप मच गया। सभी को तत्काल सीएचसी कम्पिल में भर्ती कराया गया। बीमार होने वालों में रहमान (15), आयमन (4), अली (4), साहीन (3), तमन्ना (17), अहत (8) और मौशिरा (8) शामिल हैं।
इन बच्चों ने जटरोफा के फल को सामान्य जंगली फल समझकर खा लिया था। रेलवे विभाग ने वर्षों पहले रेलवे ट्रैक किनारे जटरोफा के पौधे लगाए थे। जटरोफा के फल और बीज मानव स्वास्थ्य के लिए विषैले माने जाते हैं।
चिकित्सकों की निगरानी में सभी मरीजों का उपचार जारी है। हालत पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन से विषैले पौधों के पास चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। घटना के बाद गांव में स्वास्थ्य विभाग ने भी मामले की जानकारी जुटानी शुरू की है।

Janmat News 
