आदिवासी तीरंदाजी प्रतियोगिता में जगदीश बने विजेता, खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार निशानेबाजी का हुनर

प्रतियोगिता में 55 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा और निशानेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया।

आदिवासी तीरंदाजी प्रतियोगिता में जगदीश बने विजेता, खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार निशानेबाजी का हुनर
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

सोनभद्र से विजय कुमार की रिपोर्ट —

अनपरा/सोनभद्र। अनपरा थाना क्षेत्र के सिदहवा (लोट) गांव में आदिवासी तीर-धनुष प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 55 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा और निशानेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया। कई चरणों में चले रोमांचक मुकाबलों के बाद जगदीश ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अनपरा तापीय परियोजना के उपमहाप्रबंधक ई. चंद्र विजय एवं उनकी धर्मपत्नी शालिनी देवी ने डीहबाबा का पूजन-अर्चन कर किया। प्रतियोगिता के अंतिम चरण में जगदीश (ग्राम भेड़िया) प्रथम, देवशरण खरवार (ग्राम बर्रोहिया) द्वितीय तथा देवेंद्र केवट (ग्राम मकरा) तृतीय स्थान पर रहे।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ई. चंद्र विजय ने कहा कि सिदहवा लोट क्षेत्र के खिलाड़ियों में अद्भुत प्रतिभा है। यदि वे निरंतर अभ्यास करते रहें तो भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाकर सोनभद्र, उत्तर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि तीरंदाजी आदिवासी समाज की गौरवशाली परंपरा रही है। प्राचीन काल में आत्मरक्षा और शिकार के लिए तीर-धनुष का उपयोग किया जाता था। इसी विरासत को जीवित रखने के उद्देश्य से सोन आदिवासी शिल्पकला ग्रामोद्योग समिति के अध्यक्ष जगदीश साहनी के नेतृत्व में वर्षों से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रथम चरण में अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार स्वरूप प्रथम स्थान पर हीरो कंपनी की साइकिल तथा द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को आकर्षक उपहार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान राजकुमार पनिका ने स्वर्गीय कवि बवला जी की प्रसिद्ध पंक्तियां "हम वनवासी बानी, कोल भील क बेटउवा..." प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को भावुक कर दिया।

इस अवसर पर कुलडोमरी ग्रामसभा के प्रधान प्रतिनिधि भोला वैसवार, दीनदयाल यादव, देवमुरार यादव, राकेश कुमार निषाद, नीलेश मिश्र, गोरखनाथ वैसवार, शिव कुमार, शुभम श्रीवास्तव, रमेश पनिका, राजकुमार पनिका सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता अजय कुमार भारती ने किया।