RMLIMS का तीसरा दीक्षांत समारोह: 26 पदक वितरित, 9 लाख मरीजों को सेवाएं देने वाले संस्थान ने गिनाईं उपलब्धियां
लखनऊ के RMLIMS के तीसरे दीक्षांत समारोह में 26 पदक वितरित किए गए। संस्थान ने 9 लाख मरीजों को सेवाएं देने, 200 ट्रांसप्लांट और 350 रोबोटिक सर्जरी जैसी उपलब्धियां गिनाईं।
Reported By- Ambuj Kumar & Shailendra Sharma
लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS) का तीसरा दीक्षांत समारोह रविवार को शैक्षणिक शोभायात्रा के साथ भव्य रूप से शुरू हुआ। समारोह में संस्थान के विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्रियां, पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर संस्थान प्रशासन ने बीते वर्ष की शैक्षणिक, अनुसंधान, चिकित्सा और अधोसंरचनात्मक उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा भी प्रस्तुत किया।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और औपचारिक उद्घोषणा के साथ हुआ। संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सी.एम. सिंह ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि चिकित्सा केवल उपचार का माध्यम नहीं, बल्कि संवेदना और सेवा का दायित्व है। उन्होंने छात्रों से मरीजों को केंद्र में रखकर कार्य करने और अपने व्यवहार से समाज में पहचान बनाने का आह्वान किया।
शिक्षा और शोध में लगातार विस्तार
संस्थान ने बताया कि वर्तमान में यहां प्रतिवर्ष 200 एमबीबीएस, 107 एमडी/एमएस, 36 डीएम/एमसीएच, 40 बीएससी नर्सिंग, 76 पैरामेडिकल डिप्लोमा और 35 पीएचडी शोधार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है। 34 विभागों में शैक्षणिक पाठ्यक्रम संचालित हैं, जबकि वर्ष 2026-27 में एफएनबी और डीएनबी की सात अतिरिक्त सीटों का प्रस्ताव भेजा गया है।
शोध के क्षेत्र में वर्ष 2025-26 के दौरान 148 अनुसंधान परियोजनाएं, 20 क्लीनिकल ट्रायल, 90 थीसिस कार्य और तीन पेटेंट दर्ज किए गए। यूनिसेफ के सहयोग से उत्तर प्रदेश में लेड पॉइजनिंग आकलन परियोजना भी संचालित की जा रही है, जिसे जल्द पूरे प्रदेश में विस्तार देने की योजना है।
एक साल में 9 लाख से ज्यादा मरीजों को इलाज
संस्थान की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक वर्ष में 9 लाख से अधिक मरीजों को ओपीडी सेवाएं प्रदान की गईं। वहीं 78 हजार से अधिक मरीज भर्ती हुए, 1.71 लाख मरीजों को आपातकालीन सेवाएं मिलीं और 39 हजार से ज्यादा सर्जरी की गईं। लगभग 7 हजार सुरक्षित प्रसव भी कराए गए।
संस्थान ने कई रोगी-केंद्रित नवाचार लागू किए हैं, जिनमें उसी दिन डायग्नोस्टिक जांच सुविधा, बेडसाइड दवा वितरण, 24×7 ग्रीन ओपीडी, टेली फॉलो-अप सेवा और क्यूआर कोड आधारित शिकायत निवारण प्रणाली प्रमुख हैं।
ट्रांसप्लांट और रोबोटिक सर्जरी में नई उपलब्धियां
RMLIMS में अब तक 200 से अधिक किडनी प्रत्यारोपण किए जा चुके हैं। संस्थान जल्द ही बोन मैरो और लिवर ट्रांसप्लांट सेवाएं भी शुरू करने जा रहा है। इसके अलावा 350 से अधिक रोबोटिक सर्जरियां सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं।
न्यूरो साइंस सेंटर में पहली बार पार्किंसन रोग के लिए डीप ब्रेन स्टिमुलेशन सर्जरी सफल रही है। साथ ही प्रदेश का पहला गामा नाइफ सिस्टम शुरू करने की तैयारी भी चल रही है।
1010 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल बनेगा
संस्थान के शहीद पथ परिसर में 1010 बेड क्षमता वाले आधुनिक अस्पताल को प्रदेश सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। इसके अलावा 100 बेड के क्रिटिकल केयर सेंटर, 888 बेड छात्रावास, पांच मंजिला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और नर्सिंग एवं पैरामेडिकल अकादमिक भवन का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर संस्थान को 16 हजार वर्गमीटर अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराई गई है, जहां 350 बेड क्षमता वाले लेवल-1 ट्रॉमा सेंटर की स्थापना प्रस्तावित है।
राज्यपाल, उपमुख्यमंत्री और मंत्री ने दी शुभकामनाएं
समारोह में ऑनलाइन संबोधन करते हुए आनंदीबेन पटेल ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि समाज की स्वास्थ्य संबंधी उम्मीदें अब उनके कंधों पर हैं और ज्ञान तभी सार्थक है जब वह समाज के हित में समर्पित हो।
बृजेश पाठक ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आश्वासन दिया कि राज्य सरकार चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। वहीं राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने छात्रों से स्वस्थ, सकारात्मक और समाजोन्मुखी जीवन जीने का संदेश दिया।
26 पदकों का हुआ वितरण
दीक्षांत समारोह में डीएम, एमसीएच, एमडी, एमएस, एमबीबीएस, बीएससी नर्सिंग और एमएससी न्यूक्लियर मेडिसिन के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान चांसलर मेडल, डायरेक्टर मेडल समेत कुल 26 पदक और प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए।
इसके अलावा एनाटॉमी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. राजन भटनागर को उत्कृष्ट अध्यापक सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जबकि पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्कूली बच्चों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।

Janmat News 
