अयोध्या: शिक्षकों के अधिकारों को लेकर PM के नाम भेजा ज्ञापन, वैधानिक लाभों के संरक्षण की मांग
उप्र के अयोध्या जनपद में सदर तहसील स्थित तिकोनिया पार्क मे अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के नेतृत्व में शिक्षकों के सम्मान, अधिकार और सेवा सुरक्षा को लेकर विरोध प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से संबोधित ज्ञापन भेजा गया।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद में सदर तहसील स्थित तिकोनिया पार्क मे अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ अनुषांगिक संगठन आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ) के नेतृत्व में शिक्षकों के सम्मान, अधिकार और सेवा सुरक्षा को लेकर विरोध प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से संबोधित ज्ञापन भेजा गया।
ज्ञापन में वर्ष 2010 से पूर्व तथा उत्तर प्रदेश में टीईटी लागू होने की तिथि 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के सेवा-अधिकार, वरिष्ठता, पदोन्नति एवं अन्य वैधानिक लाभों के संरक्षण की मांग की गई। महासंघ पदाधिकारियों ने कहा कि तत्कालीन नियमावली के तहत विधिवत नियुक्त शिक्षकों के अधिकारों को पूर्ण संरक्षण मिलना चाहिए।
वर्षों से शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे शिक्षकों को किसी प्रकार की असुरक्षा का सामना न करना पड़े, इसके लिए सरकार से सकारात्मक हस्तक्षेप की अपेक्षा जताई गई। ज्ञापन नायब तहसीलदार सदर गौरी शंकर शर्मा ने प्राप्त किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष निखिल सिंह, जिला महामंत्री अजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक सुरक्षित होंगे तो शिक्षा सुरक्षित होगी और शिक्षक सम्मानित होंगे तो राष्ट्र सशक्त बनेगा।

Janmat News 
