'राहुल गांधी एक बड़ा मजाक', DMK का कांग्रेस पर तीखा हमला; गठबंधन तोड़ने का लगाया आरोप
तमिलनाडु में सत्ता से बाहर हुई DMK ने अपने पूर्व सहयोगी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है।
चेन्नई/जनमत न्यूज़। देशभर में जारी सियासी गर्माहट के बीच विपक्षी इंडी गठबंधन के भीतर दरारें अब खुलकर सामने आ गई हैं। तमिलनाडु में सत्ता से बाहर हुई द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने अपने पूर्व सहयोगी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है।
DMK ने राहुल गांधी को एक बड़ा मजाक बताते हुए आरोप लगाया है कि उन्होंने ही विपक्षी एकता को कमजोर किया है। DMK ने यह दोतरफा हमला अपनी आईटी विंग और अपने आधिकारिक अखबार 'मुरासोली' के जरिए किया है।
'मुश्किल वक्त में हमने साथ दिया, उन्होंने धोखा दिया'
DMK की आईटी विंग ने सोशल मीडिया पर बेहद कड़े शब्दों में लिखा कि जब कांग्रेस अपने राजनीतिक अस्तित्व के लिए लड़ रही थी, तब हमने उन्हें अपने कंधों पर उठाया। लेकिन जैसे ही उन्हें एक नया और चमकदार खिलौना (नया साथी) दिखा, उन्होंने तुरंत पाला बदल लिया। राहुल गांधी एक बहुत बड़ा मजाक हैं।
मुरासोली का आरोप- राहुल गांधी खुद बिखराव की वजह
इसके अलावा सोमवार को DMK के मुखपत्र 'मुरासोली' में छपे एक संपादकीय में राहुल गांधी की राजनीतिक समझ पर गंभीर सवाल उठाए गए। अखबार ने लिखा कि राहुल गांधी दूसरों को तो विपक्षी एकता का पाठ पढ़ाते हैं, लेकिन अलग-अलग राज्यों में इस एकता को कमजोर करने वाले वह खुद हैं।
संपादकीय में केरल का उदाहरण देते हुए कहा गया कि चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को गिरफ्तार करने की मांग की थी। इस वजह से वामपंथी नेता आज भी उनसे नाराज हैं और पूछ रहे हैं कि कांग्रेस का मुकाबला बीजेपी से है या अपने ही सहयोगियों से?
तमिलनाडु में क्या हुआ, जिससे बिगड़ी बात?
गौरतलब है कि इस पूरी लड़ाई की जड़ में हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद समीकरणों का बदलना है। कारण है कि कांग्रेस ने चुनाव तो DMK के गठबंधन में रहकर लड़ा और 5 सीटें जीतीं लेकिन चुनाव के बाद कांग्रेस ने DMK का साथ छोड़ दिया और अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी TVK की सरकार में शामिल हो गई।
DMK का बदला, कांग्रेस पर आरोप
ऐसे में डीएमके ने इसे एक बड़ा धोखा करार दिया। साथ ही इस धोखे से नाराज पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस द्वारा बुलाई गई 'INDIA' गठबंधन की बैठक का बहिष्कार कर दिया। पार्टी का कहना है कि वह कांग्रेस के नेतृत्व वाली बैठक में शामिल नहीं होगी।

Janmat News 
