औरैया: बंद मकान में अज्ञात चोरों ने पार किए नगदी व जेवर, पुलिस ने शुरू की जांच
उप्र के औरैया जनपद के कस्बा बिधूना में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के कस्बा बिधूना में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
यह घटना थाना बिधूना क्षेत्र के ग्राम सूरजपुर निवासी सतीश सक्सेना के घर हुई। पीड़ित ने इस संबंध में थाना प्रभारी को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सतीश सक्सेना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने गांव खानजहाँपुर चिरकुआ में एक तेहरवीं संस्कार में शामिल होने गए थे। इसी दौरान मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मुख्य द्वार का ताला तोड़कर घर में घुसे थे।
सतीश के तीन बेटे हैं, जिनमें से दो बेटों शिवम और रोशन की शादी हो चुकी है। घर में गृहस्थी का सामान और पत्नियों के जेवर रखे हुए थे। चोरों ने घर के कमरों में रखी दो सेफ के ताले तोड़ दिए और उनमें रखा सारा सामान चुरा लिया।
पीड़ित के अनुसार, चोरों ने लगभग 4 लाख रुपये मूल्य के गहने चुराए हैं। इनमें दो मंगलसूत्र, दो जोड़ी कानों के टॉप्स, एक जोड़ी पायल, बच्चे की एक सोने की चेन, बच्चे के गले के तीन सोने के ओम व तीन जोड़ी खड्डुआ, एक चांदी की करधनी और दो सोने की अंगूठी शामिल हैं। गहनों के अलावा, सेफ में रखे 15,000 रुपये नकद भी चोर अपने साथ ले गए।
चोरी का पता बुधवार सुबह तब चला जब पड़ोसियों ने पीड़ित को फोन पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही सतीश सक्सेना अपने घर सूरजपुर पहुंचे, जहां उन्होंने दोनों सेफ के ताले टूटे हुए और सारा सामान गायब पाया। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और चोरों को पकड़कर सामान बरामद करने की मांग की है।
प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू की। टीमें गठित कर हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों को एकत्रित कर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Janmat News 
