सम्राट चौधरी कैबिनेट में शामिल हुए निशांत कुमार, मंत्रालय को लेकर बढ़ी चर्चा
बिहार में सम्राट चौधरी कैबिनेट विस्तार में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को मंत्री बनाया गया। अब सबकी नजर उनके संभावित मंत्रालय पर टिकी है।
बिहार/ जनमत न्यूज़:- बिहार की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने मंत्रिपरिषद का पहला विस्तार करते हुए 32 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में रहा।
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने सभी नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
डिप्टी CM बनने से किया था इनकार
करीब 22 दिन पहले जब सम्राट चौधरी को बिहार का मुख्यमंत्री बनाया गया था, तब निशांत कुमार के उपमुख्यमंत्री बनने की चर्चा तेज थी। जेडीयू के कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें मनाने की कोशिश भी की थी, लेकिन निशांत कुमार ने पहले बिहार का दौरा करने की बात कहकर डिप्टी CM बनने से इनकार कर दिया था।
इसके बाद पार्टी ने विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव को उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी थी।
अब कौन सा मंत्रालय मिलेगा?
कैबिनेट विस्तार के दौरान जेडीयू के वरिष्ठ नेता संजय झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने निशांत कुमार को सरकार में शामिल होने के लिए तैयार किया। अब राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि उन्हें कौन सा विभाग सौंपा जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, निशांत कुमार को वही मंत्रालय मिल सकते हैं जो फिलहाल जेडीयू कोटे के तहत विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव के पास हैं।
युवा टीम से किसी को मंत्री बनाने की थी चर्चा
जब निशांत कुमार मंत्री बनने को लेकर तैयार नहीं दिख रहे थे, तब जेडीयू के युवा विधायकों की कोर टीम से किसी एक को मंत्री बनाए जाने की अटकलें थीं। इनमें रुहैल रंजन, अतिरेक कुमार, चेतन आनंद, कोमल सिंह, ऋतुराज कुमार और नचिकेता मंडल जैसे नाम शामिल थे।
भाजपा कोटे से बने ये मंत्री
भाजपा कोटे से विजय कुमार सिन्हा, रामकृपाल यादव, केदार गुप्ता, नीतीश मिश्रा, मिथिलेश तिवारी, रमा निषाद, दिलीप जायसवाल, श्रेयसी सिंह, प्रमोद चंद्रवंशी, लखविंदर पासवान, संजय टाइगर, इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार, नंद किशोर राम, रामचंद्र प्रसाद और अरुण शंकर प्रसाद को मंत्री बनाया गया है।
जेडीयू कोटे से इन नेताओं को मिली जगह
जेडीयू की ओर से निशांत कुमार, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, रत्नेश सदा, मदन सहनी, लेसी सिंह, श्वेता गुप्ता, बुलो मंडल, दामोदर रावत, भगवान सिंह कुशवाहा, सुनील कुमार, शीला मंडल और जमा खान को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।
सहयोगी दलों को भी मिला प्रतिनिधित्व
लोजपा (रामविलास) से संजय सिंह और संजय पासवान, हम पार्टी से संतोष सुमन तथा रालोमो से दीपक प्रकाश को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।

Janmat News 
