औरैया: दुकानदार ने आपसी विवाद में किशोर से तुड़वाए कैमरे, पुलिस ने तीन को लिया हिरासत में

उप्र के औरैया जनपद के बिधूना क्षेत्र अंतर्गत बेला रोड बंथरा बाजार में दुकानों पर लगे कैमरे क्षतिग्रस्त मिलने से व्यापारियों में चिंता है। घटना की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर एक किशोर समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

औरैया: दुकानदार ने आपसी विवाद में किशोर से तुड़वाए कैमरे, पुलिस ने तीन को लिया हिरासत में
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के बिधूना क्षेत्र अंतर्गत बेला रोड बंथरा बाजार में दुकानों पर लगे कैमरे क्षतिग्रस्त मिलने से व्यापारियों में चिंता है। घटना की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर एक किशोर समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में इस हरकत के पीछे व्यावसायिक या आपसी विवाद की बात सामने आ रही है।

जानकारी के अनुसार सबहद कटरा गांव निवासी रंजीत कुमार की पुसौली मोड़ पर कपड़े की दुकान है। बुधवार सुबह जब वह दुकान पहुंचे, तो वहां लगे कैमरे टूटे हुए मिले। उन्होंने तुरंत यूपी-112 को फोन करते सूचना दी।

इसके साथ ही कोतवाली में लिखित तहरीर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जब आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की, तो एक किशोर पर शक गया।

पुलिस ने जब उस किशोर से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने कैमरे तोड़ने का जुर्म कबूल कर लिया। किशोर ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि बाजार के ही एक अन्य दुकानदार के कहने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया था।

किशोर के बयान के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकानदार, किशोर और दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से व्यापारियों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।