हाथरस को पर्यटन विकास की बड़ी सौगात, मंत्री जयवीर सिंह ने किया करोड़ों की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
उप्र के हाथरस पहुंचे पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह का गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया गया। मंत्री ने कैलोरा चौराहा पर ठाकुर मलखान सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया
हाथरस से होमेश मिश्रा की रिपोर्ट
हाथरस/जनमत न्यूज़। उप्र के हाथरस पहुंचे पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह का गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया गया। मंत्री ने कैलोरा चौराहा पर ठाकुर मलखान सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया और जनपद में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
मंत्री ने 1024.70 लाख रुपये की 9 पर्यटन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 308.80 लाख रुपये की 4 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत संरक्षण हेतु 725 लाख रुपये की नई परियोजनाओं की घोषणा की।
स्वागत की कड़ी में मंत्री, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार श्री जयवीर सिंह तथा सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि को जिलाधिकारी अतुल वत्स व पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बुके भेंटकर स्वागत किया।
इसके अलावा, विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंद्राराऊ वीरेन्द्र सिंह राणा, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार, जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह एवं मंच पर उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधिगणों का स्वागत बुके भेंटकर किया गया। इसके अलावा मंत्री जी का स्वागत सम्मानित लोगों एवं मात्र शक्ति द्वारा फूलो की माला पहनाकर किया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री द्वारा कुल 1024.70 लाख रुपये लागत की 09 पर्यटन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें विकास भवन स्थित पर्यटन केन्द्र निर्माण एवं विकास कार्य, मूढ़ा वाली माता मंदिर, दाऊजी महाराज मंदिर, प्राचीन हनुमान मंदिर,
उदय सिंह की कचहरी परिसर में लैंडस्केपिंग एवं जनसुविधा कार्य, गंगागढ़ी स्थित हनुमान गढ़ी मंदिर, सिद्धपीठ परसरा तीर्थभूमि, ढकपुरा मंदिर (स्वर्ग आश्रम) तथा काली माई मंदिर के पर्यटन विकास कार्य शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त 308.80 लाख रुपये लागत की 04 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। इनमें ग्राम नगला अहीर स्थित शिव मंदिर, विसाना माता तारागढ़ मंदिर, सादाबाद में दाऊजी महाराज मंदिर तथा सिकंदराऊ में प्राचीन वाल्मीकि मंदिर में मल्टीपरपज हॉल, सुलभ प्रसाधन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं से संबंधित विकास कार्य सम्मिलित हैं।
मंत्री ने जनपद हाथरस में धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु कुल 725.00 लाख रुपये की विभिन्न पर्यटन विकास परियोजनाओं की घोषणा की गई है।
घोषित परियोजनाओं के अंतर्गत विधानसभा हाथरस क्षेत्र के आर्य नगर, ढकपुरा रोड स्थित आर्य समाज मंदिर परिसर में बहुउद्देशीय हॉल, यात्री शेड, सुलभ प्रसाधन, पेयजल एवं बेंच आदि सुविधाओं के विकास कार्य हेतु रुपये 145 लाख,
विधानसभा सिकंदराराऊ क्षेत्र के ग्राम नगला विजन बरामई स्थित प्राचीन श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में बहुउद्देशीय हॉल, सुलभ प्रसाधन, सोलर लाइट, बेंच, पेयजल एवं इंटरलॉकिंग पाथवे निर्माण कार्य के लिए रुपये 145 लाख,
इसी विधानसभा क्षेत्र के पुरदिलनगर स्थित श्री ललिता माता मंदिर पर भी बहुउद्देशीय हॉल, सुलभ प्रसाधन, सोलर लाइट, बेंच, पेयजल एवं इंटरलॉकिंग पाथवे निर्माण कार्य हेतु रुपये 145 लाख, विधानसभा सादाबाद क्षेत्र के ग्राम पंचायत मीरपुर स्थित प्राचीन राधा कृष्ण मंदिर परिसर में सुलभ प्रसाधन, बहुउद्देशीय हॉल एवं बेंच आदि सुविधाओं के विकास हेतु रुपये 145 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त हाथरस ब्लॉक की ग्राम पंचायत परसारा स्थित परशुराम आश्रम के सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन विकास कार्य हेतु भी 145 लाख रुपये की घोषणा की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून व्यवस्था, विकास, निवेश, पर्यटन, आधारभूत संरचना एवं सुशासन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और आमजन को सुरक्षा एवं विकास का वातावरण प्राप्त हुआ है। मंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जा रहा है तथा प्रत्येक परियोजना की शुरुआत के साथ उसकी पूर्णता की तिथि भी निर्धारित की जाती है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, हाईवे, एयर कनेक्टिविटी एवं आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे प्रदेश निवेश और रोजगार का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट सहित विभिन्न परियोजनाएं प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी द्वारा वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का जो संकल्प लिया गया है, उसमें उत्तर प्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, मजदूर, व्यापारी एवं समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान हेतु कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक नागरिक राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेगा, तब भारत विश्व की अग्रणी शक्ति के रूप में स्थापित होगा।
मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा रखी गई विभिन्न विकास एवं पर्यटन परियोजनाओं की मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारी से कहा कि जनपद से संबंधित प्रस्ताव समय से शासन को प्रेषित किए जाएं, जिससे उन्हें शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा स्थापना सहित विभिन्न परियोजनाओं पर भी सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
अंत में उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं जनता द्वारा रखी गई अपेक्षाओं एवं मांगों का सम्मान करते हुए प्रदेश सरकार जनपद हाथरस के विकास हेतु निरंतर कार्य करती रहेगी।
सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि एवं विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, विधायक प्रदीप कुमार तथा विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा ने संयुक्त रूप से पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन एवं प्रयासों से हाथरस जनपद में पर्यटन, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आधारभूत विकास कार्यों को नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मंदिरों के जीर्णाेद्धार, ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार तथा विकास परियोजनाओं के माध्यम से जनपद को नई पहचान दिलाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी एवं मंत्री जी के नेतृत्व में हाथरस जनपद विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। जनप्रतिनिधियों ने पर्यटन कॉन्क्लेव, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, झील विकास, हाईवे कनेक्टिविटी एवं सांस्कृतिक विरासत संरक्षण जैसे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इन योजनाओं से जनपद में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनसेवा, लोककल्याण एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। उन्होंने मंत्री जी से जनपद हाथरस पर इसी प्रकार निरंतर स्नेह, सहयोग एवं आशीर्वाद बनाए रखने का आग्रह किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सहित मंचासीन जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंत्री जी द्वारा जनपद में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने हेतु दिए गए निर्देशों एवं घोषणाओं को संबंधित अधिकारियों के माध्यम से समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाएगा।
उन्होंने आश्वस्त किया कि जनपद प्रशासन पर्यटन, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक, पूर्व जिलाध्यक्ष, सांसद प्रतिनिधि, मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व, उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अलीगढ़, जिला पर्यटन अधिकारी, के अन्न जनप्रतिनिधिगण अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Janmat News 
