रायबरेली: बाइक चोर गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, दो शातिर गिरफ्तार; दो मोटरसाइकिल और एक चेसिस बरामद
रायबरेली पुलिस ने बाइक चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना नसीराबाद क्षेत्र से दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र की रायबरेली पुलिस ने बाइक चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना नसीराबाद क्षेत्र से दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल और एक चेसिस बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय बाइक चोरों में हड़कंप मच गया है।
बीते कुछ दिनों से नसीराबाद और आसपास के इलाकों में लगातार मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं, जिससे आम लोगों में दहशत का माहौल था। पुलिस ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू की। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को दबोच लिया।
पूछताछ में दोनों ने अलग-अलग इलाकों से बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिलें और चेचिस बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरेंद्र सिंह और बृजेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो थाना नसीराबाद क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक यह दोनों लंबे समय से बाइक चोरी की घटनाओं में शामिल थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाइक चोरी के पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Janmat News 
