संभल: गंगा स्नान के दौरान डूबे तीन दोस्त, एक को बचाया; दो की मौत

उप्र के संभल जनपद में गंगा स्नान के दौरान तीन दोस्त गंगा में डूब गए, जिनमें से दो की मौत हो गई। गंगा स्नान करते समय तीन दोस्त अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

संभल: गंगा स्नान के दौरान डूबे तीन दोस्त, एक को बचाया; दो की मौत
Published By- Diwaker Mishra

संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट

संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में गंगा स्नान के दौरान तीन दोस्त गंगा में डूब गए, जिनमें से दो की मौत हो गई। गंगा स्नान करते समय तीन दोस्त अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने एक युवक को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया, जबकि उसके दो साथी लापता हो गए। सूचना मिलते ही गोताखोरों ने दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को गंगा से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पूरा मामला संभल के जुनावई थाना क्षेत्र स्थित सकरा गंगा घाट का है। जनपद अलीगढ़ के तीन दोस्त भागवत कथा की कलश यात्रा में शामिल होने के लिए गंगा घाट पर आए थे। तीनों दोस्त गंगा में स्नान करते समय गहरे पानी में चले गए।

मौके पर स्थानीय लोगों ने एक युवक को तो जिंदा बाहर निकाल लिया, जबकि उसके दो दोस्त गंगा में लापता हो गए। लगातार करीब एक घंटे तक तलाश करने के बाद दोनों युवकों को गंगा से बाहर निकालकर बेहोशी की हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और परिवार के लोग भी घटनास्थल पर आ गए। परिवार के लोगों ने पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

कलश यात्रा में शामिल लोगों ने बताया कि जनपद अलीगढ़ के गांव आलमपुर से करीब दो से तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में 150 से अधिक महिला और पुरुष कलश लेकर गंगा स्नान करने आए थे। उन्हीं के साथ तीनों दोस्त भी गंगा स्नान करने आए थे, जिनमें से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक को जिंदा बाहर निकाल लिया गया।

भागवत कथा की कलश यात्रा में शामिल विनोद ने बताया कि हम जनपद अलीगढ़ के गांव आलमपुर से आए थे। सकरा गंगा घाट पर गंगा जी में डूबने से उनकी मौत हो गई। हम लोग कलश लेकर चल रहे थे।

कलश सिर पर रखने से पहले ही ये लोग गंगा जी में उतर गए और गहरे पानी में चले गए। तीन लोग डूबे थे, जिनमें से एक बच गया। हम तो कलश यात्रा में लगे हुए थे और हमारा ध्यान कलश पर ही था। तभी लोगों ने शोर मचाया कि कुछ लोग डूब गए हैं।

एक युवक ने अपना कपड़ा फेंक दिया, जिसे पकड़कर एक युवक को बाहर खींच लिया गया। इसके बाद गोताखोरों ने दोनों युवकों की तलाश शुरू की और करीब एक घंटे बाद उन्हें बाहर निकाला।

पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतक जनपद अलीगढ़ के निवासी थे। हमारे यहां भागवत कथा का आयोजन हो रहा था।

तीन ट्रैक्टर भरकर लोग कलश लेकर गंगा स्नान करने आए थे। ये तीनों दोस्त मोटरसाइकिल से आए थे। तीनों एक साथ गंगा में स्नान कर रहे थे, लेकिन एक युवक बच गया, जबकि उसके दो दोस्तों की मौत हो गई।