कर बकायेदारों के खिलाफ अयोध्या नगर निगम का कुर्की अभियान शुरू, की जा रही सील करने की कार्रवाई
उप्र के अयोध्या नगर निगम ने 2026 में बकाया गृह कर, जल कर और कमर्शियल टैक्स की वसूली के लिए आक्रामक अभियान शुरू किया है।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या नगर निगम ने 2026 में बकाया गृह कर, जल कर और कमर्शियल टैक्स की वसूली के लिए आक्रामक अभियान शुरू किया है। इसके अंतर्गत बड़े बकायेदारों होटल, धर्मशाला और दुकानों को चिन्हित कर सील करने की कार्रवाई की जा रही है।
विशेष रूप से चौक, फतेहगंज, नियावां, देवकाली, रिकाबगंज जैसे क्षेत्रों में, जहाँ लाखों का बकाया पाया गया जिसमे कई जगहों पर कुर्की की कार्रवाई भी की गई। अपर नगर आयुक्त सुमित कुमार ने बताया कि नगर निगम की ओर से लगातार कुर्की का अभियान चलाया जा रहा है। जो लोग बड़े बकायेदार हैं उनके खिलाफ कार्यवाही की जा रही है।
उन्होंने बताया कि अब तक नगर निगम में लगभग 5 करोड रुपए की कर बकायेदारी थी जिसमें से अभियान चलाकर अब तक लगभग डेढ़ करोड़ की वसूली की जा चुकी है।
नगर निगम की ओर से टैक्स वसूली के लिए तीन जोनल अधिकारियों की देख-रेख में टीमों का गठन किया गया है, जो विभिन्न क्षेत्रों में जाकर कर वसूली कर रहे हैं। उन्होंने अयोध्या की जनता से अपील करते हुए कहा कि अपना बकाया टैक्स समय पर जमा करें। समय अवधि में जमा न करने पर 12% टैक्स और लग जाएगा।

Janmat News 
