हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर मिले पोलियो वैक्सीन से भरे बॉक्स, स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल
उप्र के हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां बुधवार सुबह करीब 7 बजे से पोलियो वैक्सीन से भरे चार बॉक्स लावारिस हालत में प्लेटफार्म की सीढ़ियों पर पड़े हुए हैं।
हाथरस से होमेश कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
हाथरस/जनमत न्यूज़। उप्र के हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां बुधवार सुबह करीब 7 बजे से पोलियो वैक्सीन से भरे चार बॉक्स लावारिस हालत में प्लेटफार्म की सीढ़ियों पर पड़े हुए हैं।
हैरानी की बात यह है कि इन बॉक्सों के अंदर बच्चों को पिलाई जाने वाली पोलियो वैक्सीन मौजूद है, लेकिन सुबह से लेकर दोपहर के बाद तक भी न तो कोई इन बॉक्सों को लेने पहुंचा और न ही कोई स्वास्थ्यकर्मी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए दिखाई दिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि पिछले कई दिनों से इसी तरह का सिलसिला चल रहा है। लोगों के मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे वाहन से पोलियो वैक्सीन के बॉक्स रेलवे स्टेशन पर उतार दिए जाते हैं।
इसके बाद इन्हें प्लेटफार्म की सीढ़ियों पर ही छोड़कर वाहन रवाना हो जाती है। वैक्सीन से भरे ये बॉक्स पूरे दिन इसी तरह लावारिस हालत में पड़े रहते हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर बच्चों को गंभीर बीमारी से बचाने के लिए भेजी जाने वाली पोलियो वैक्सीन की सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी किसकी है? क्या स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इस व्यवस्था की जानकारी नहीं है या फिर जिम्मेदार कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी निभाने में लापरवाही बरत रहे हैं?
स्थानीय ग्रामीणों ने इस पूरे मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं। क्या लावारिस हालत में वैक्सीन छोड़ने वाले कर्मचारियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा?



