उरई: महिला से मंगलसूत्र छीनने वाला शातिर बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल, गिरफ्तार
उप्र के उरई जनपद में रक्षाबंधन के दौरान महिला से बीच बाजार मंगलसूत्र छीनकर फरार हुए शातिर बदमाश की पुलिस से मुठभेड़ हो गई।
उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट
उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद में रक्षाबंधन के दौरान महिला से बीच बाजार मंगलसूत्र छीनकर फरार हुए शातिर बदमाश की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। फैक्ट्री चौकी क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल उरई में भर्ती कराया है।
पुलिस के मुताबिक, रक्षाबंधन के दौरान बदमाश ने एक महिला से मंगलसूत्र छीन लिया था और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
बताया जा रहा है कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने फैक्ट्री चौकी क्षेत्र के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। पुलिस के अनुसार, दोनों ओर से दो-दो राउंड फायर किए गए।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक तमंचा और एक मोटरसाइकिल बरामद होने की बात सामने आई है।
घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल उरई भेजा गया है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास, बरामदगी और मंगलसूत्र लूट की घटना के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया सूचना मिली कि एक संदिग्ध फैक्ट्री एरिया में विचरण कर रहा है, कोतवाली उरई के इंचार्ज आनंद कुमार सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंचे तो उक्त व्यक्ति द्वारा पुलिस के ऊपर फायरिंग शुरू कर दी. जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की जिससे उक्त व्यक्ति के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. उसने अपना जुर्म कुबूल किया।




