मौनी अमावस्या के मौके पर महाकुम्भ में मचा भगदड़, कई श्रद्धालु हुए घायल

महाकुंभ 2025 में बीते 17 दिनों में 15 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं तथा आज मौनी अमावस्या पर 10 करोड़ लोगों के गंगा स्नान करने की संभावना थी। वहीं महाकुंभ मेले में मची भगदड़ और भारी भीड़ की वजह से सभी अखाड़ों के महामंडालेश्वरों ने आज का अमृत स्नान रद्द करने के बाद सांकेतिक स्नान करने पर रजामंदी हो गई।

मौनी अमावस्या के मौके पर महाकुम्भ में मचा भगदड़, कई श्रद्धालु हुए घायल

महाकुम्भनगर/जनमत। जहां एक तरफ महाकुंभ 2025 में बीते 17 दिनों में 15 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं तथा आज मौनी अमावस्या पर 10 करोड़ लोगों के गंगा स्नान करने की संभावना थी। वहीं महाकुंभ मेले में मची भगदड़ और भारी भीड़ की वजह से सभी अखाड़ों के महामंडालेश्वरों ने आज का अमृत स्नान रद्द करने के बाद सांकेतिक स्नान करने पर रजामंदी हो गई।
बतादें कि सुबह भोर में महाकुंभ के संगम नोज पर अचानक भगदड़ की मच गई। जिसमें बहुतों के मरने और घायल होने की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि घायलों को कुंभ क्षेत्र के सेक्टर 2 में बने अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार स्वरूपरानी अस्पताल में अब तक 15 से ज्यादा लोगों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए लाए जा चुके है। हालांकि, प्रशासन ने मौत या घायलों की संख्या को लेकर कोई जानकारी नहीं दी। कहा जा रहा है कि अफवाह के चलते संगम नोज पर भगदड़ मची। कुछ महिलाएं जमीन पर गिर गईं और लोग उन्हें कुचलते हुए निकल गए। हादसे के बाद 70 से ज्यादा एंबुलेंस संगम तट पर पहुंचीं। इनसे घायलों और मृतकों को अस्पताल ले जाया गया। 

जानकारी के अनुसार प्रदेश सरकार ने मौनी अमावस्या के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने के मद्देनजर कुम्भ में एक हजार से अधिक चिकित्साकर्मियों को तैनात किया है। जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मेले के हर सेक्टर में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं इसमें कहा गया कि, महाकुंभ नगर में 300 विशेषज्ञ डॉक्टर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में तैनात किए गए हैं। ये किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।

पूरे मामले पर सीएम योगी ने अपने बयान में कहा है कि महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। प्रयागराज में आज लगभग 8-10 करोड़ श्रद्धालु मौजूद हैं। कल लगभग 5.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने महाकुंभ का स्नान किया था। श्रद्धालुओं के संगम नोज पर जाने से भारी दबाव बना हुआ है। रात 1-2 बजे के बीच अखाड़ा मार्ग पर बैरिकेड्स को फांद कर आने में कुछ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है। कुछ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हैं। प्रशासन स्थानीय स्तर पर श्रद्धालुओं को सकुशल स्नान कराने के लिए लगातार लगा हुआ है। इस संबंध में प्रधानमंत्री मोदी प्रात: से लगभग 4 बार श्रद्धालुओं के बारे में जानकारी ले चुके हैं। प्रयागराज में हालात वर्तमान में नियंत्रण में हैं लेकिन भीड़ का दबाव बहुत बना हुआ है। संतों के साथ भी मेरी बात हुई है, उन्होंने बड़ी विनम्रता से कहा है कि पहले श्रद्धालु स्नान करके निकल जाएंगे उसके बाद ही हम स्नान के लिए संगम की तरफ जायेंगे। सभी अखाड़े इसके लिए सहमत हैं। लोगों से अपील है कि अफवाह पर ध्यान न दें। संयम से काम लें। ये आयोजन लोगों का है। प्रशासन उनकी सेवा के लिए लगा है। सरकार मजबूती के साथ हर प्रकार का सहयोग करने के लिए तत्पर है।

REPORTED BY - AMBUJ MISHRA

PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR